Advertisement

CJI ने दिलाई न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी को शपथ, सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या हुई 32

देश के मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ ने न्यायाधीश उज्ज्वल भुइयां और न्यायाधीश एस वी भट्टी को बतौर सुप्रीम कोर्ट जज शपथ दिलाई है।

Justice Bhuyan Justice Bhatti SC Oath

Written by Ananya Srivastava |Published : July 14, 2023 11:53 AM IST

नई दिल्ली: प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ (CJI DY Chandrachud) ने न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां (Justice Ujjal Bhuyan) और न्यायमूर्ति एस. वेंकटनारायण भट्टी (Justice SV Bhatti) को शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश (Supreme Court Judge) के तौर पर शपथ दिलाई।

इसके साथ ही शीर्ष अदालत में प्रधान न्यायाधीश सहित कुल न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 32 हो गई। उच्चतम न्यायालय में कुल 34 न्यायाधीश नियुक्त किए जा सकते हैं।

सुप्रीम कोर्ट में हुआ दो न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह

समाचार एजेंसी भाषा के हिसाब से शीर्ष अदालत के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधान न्यायाधीश ने दो नये न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। केंद्र सरकार ने 12 जुलाई को न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी को पदोन्नत कर उच्चतम न्यायालय में नियुक्त करने की मंजूरी दी थी।

Also Read

More News

न्यायमूर्ति भुइयां तेलंगाना उच्च न्यायालय के और न्यायमूर्ति भट्टी केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) ने बुधवार को न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी की नियुक्तियों की घोषणा की थी। प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने उन्हें शीर्ष अदालत में न्यायाधीश के तौर पर पदोन्नत करने की सिफारिश पांच जुलाई को की थी।

जस्टिस भुइयां के बारे में

न्यायमूर्ति भुइयां का जन्म दो अगस्त 1964 को हुआ था। उन्हें 17 अक्टूबर 2011 को गौहाटी उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया और वह उच्च न्यायालय (गौहाटी) के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश थे। वह 28 जून 2022 से तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।

जस्टिस भट्टी के बारे में

न्यायमूर्ति भट्टी का जन्म छह मई 1962 को हुआ। उन्हें 12 अप्रैल 2013 को आंध्र प्रदेश के उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। वह आंध्र प्रदेश के उच्च न्यायालय में सबसे वरिष्ठ थे। न्यायमूर्ति भट्टी को मार्च 2019 में केरल उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया था और एक जून 2023 से वह वहां मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।