Advertisement

क्या पंजीकृत डिजाइन की चोरी अपराध है ? मूल डिजाइन का मालिक क्या कार्यवाही कर सकता है- जानिये

डिजाइनर एक अद्वितीय मूल डिजाइन बेचते हैं जिसकी नकल करने की अनुमति नहीं होती है और जो उसकी नक़ल करता है या नक़ल करके बेचता है उसे डिज़ाइन अधिनियम के तहत दोषी ठहराया जा सकता है.

Written by My Lord Team |Published : March 31, 2023 1:08 PM IST

नई दिल्ली: किसी व्यक्ति के द्वारा बनाई गई प्रत्येक वस्तु जो उनका मूल कार्य (Original work) है, उन्हें उस वस्तु के इस्तेमाल का अनन्य (Exclusive) अधिकार होता है और साथ ही उन्हें यह अधिकार भी है कि यदि कोई अन्य उसका उपयोग करता है तो उसको रोक सकें.

डिजाइन के साथ भी ऐसा ही होता है, लोग अपनी कंपनियों या फर्मों के लिए एक अद्वितीय डिजाइन प्राप्त करने के लिए बड़ी रकम का भुगतान करते हैं, जबकि डिजाइनर एक अद्वितीय मूल डिजाइन बेचते हैं जिसकी नकल करने की अनुमति नहीं होती है और जो उसकी नक़ल करता है या नक़ल करके बेचता है उसे डिज़ाइन अधिनियम के तहत दोषी ठहराया जा सकता है.

एक डिजाइन के पंजीकरण के लिए क्या आवश्यक हैं?

  • डिजाइनर का मूल काम होना चाहिए
  • डिजाइन ऐसा होना चाहिए जो पहले से प्रकाशित न हो
  • पहले से ही उस डिज़ाइन की कोई मूर्त प्रति उपलब्ध नहीं होनी चाहिए
  • इसे भारत सरकार या इस प्रकार प्राधिकृत किसी संस्था द्वारा प्रतिबंधित नहीं किया होना चाहिए
  • ऐसी डिजाइन जो शांति भंग कर सकती है और लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती है, उसे रजिस्टर करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है
  • यह पूरी तरह से अन्य डिजाइनों से अलग होना चाहिए।
  • यह अश्लीलता या अनुचित डिज़ाइन से संबंधित नहीं होना चाहिए

डिजाइन के पंजीकरण का आवेदन कौन दे सकता है?

डिजाइन अधिनियम की धारा 2(j) के तहत डिजाइन के पंजीकरण के लिए कौन आवेदन कर सकता है इसका उल्लेख किया गया है. एक व्यक्ति जिसका डिज़ाइन उसका मूल कार्य है, जो किसी कानून की अवहेलना नहीं करता है या नैतिकता के खिलाफ है, डिजाइन के पंजीकरण की मांग कर सकता है, हालांकि व्यक्ति को डिजाइन का लेखक होना चाहिए, कोई तीसरा व्यक्ति इसे पंजीकृत नहीं करवा सकता है. हालांकि अगर किसी ने उसके लेखक से डिजाइन और उसके अधिकार खरीदे हैं, तो वह व्यक्ति उस डिजाइन के पंजीकरण की मांग भी कर सकता है.

पंजीकरण के बाद क्या?

जब कोई व्यक्ति अपने डिजाइन का रजिस्ट्रेशन करवाता है तो उसे उस डिजाइन का कॉपीराइट मिल जाता है, जो दस साल तक रहता है। जबकि डिजाइन के लेखक इस अवधि 10 वर्ष ख़त्म होने से पहले पहले एक विस्तार दाखिल करके इसे वर्षो के लिए बढ़ा सकते हैं.

पंजीकृत डिजाइन की चोरी

अधिनियम की धारा 22 के अनुसार, किसी भी डिज़ाइन को उसके लेखक या उस व्यक्ति जिसके नाम पर यह पंजीकृत है की लिखित सहमति के बिना बेचने की अनुमति नहीं है. किसी रजिस्टर्ड किए गए डिज़ाइन की धोखाधड़ी से नकल करने की अनुमति नहीं है क्योंकि इसे डिज़ाइन की चोरी माना जाएगा, जिस पर उसका अधिकार नहीं है.

किसी को भी किसी भी जगह, शहर या देश में बेचने के उद्देश्य से पंजीकृत डिज़ाइन को आयात करने की अनुमति नहीं है और इसे डिज़ाइन अधिनियम की धारा 22 का उल्लंघन माना जाएगा. उस डिजाइन का उपयोग करना जिसे वह जानता है कि पंजीकृत डिजाइन के समान है, यह भी इस धारा का उल्लंघन होगा.

क्या है सजा का प्रावधान?

यदि कोई व्यक्ति डिजाइन अधिनियम की धारा 22 का उल्लंघन करता है, तो वह वसूली ऋण के रूप में पच्चीस हजार तक की राशि का भुगतान करने के लिए उत्तरदायी होगा. मूल डिजाइन का जनक या लेखक उस व्यक्ति के खिलाफ नुकसान की वसूली के लिए मुकदमा कर सकता है जिसने उसकी अनुमति के बिना डिजाइन का इस्तेमाल किया और उसे ऐसा करने से रोकने के लिए व्यक्ति के खिलाफ कोर्ट से निषेधाज्ञा भी मांगी जा सकती है.